सोमवार, 23 नवंबर 2009

मैं क्या करूं


कितना बदल गया है ज़माना मैं क्या करूं,
मुश्किल हुआ है दिल का लगाना मैं क्या करूं।

माना के रास्ते में बड़ी भीड़ है मगर,
आता नही है अपना बनाना मैं क्या करूं।

जाएं कहाँ पे किसको सुनाएं ये दास्तान,
सुनता नही है कोई फ़साना मैं क्या करूं।

चेहरे को अपने रोज़ बदलते हैं सब यहाँ,
आता नही है कोई बहाना मैं क्या करूं।

नज़रों के सामने कभी आजाएं वो अगर,
'अनवार' तुम ही मुझको बताना मैं क्या करूं ।

गुरुवार, 3 सितंबर 2009

तुम कौन हो???



तुम कौन तुम्हें किसने भेजा,


क्यों मुझे सहारा देते हो


मेरी आंखों का हर आंसू,


अपनी आंखों में लेते हो


मैं तुमको अपना क्या मानूं ,


अभिशाप हो या वरदान हो तुम?


तनहाई में अक्सर रो रो कर,


तुम मेरा नाम क्यों लेते हो ???

शनिवार, 29 अगस्त 2009

दोस्त का गिफ़्ट


कैसे भेजूं ए मेरे दोस्त बता फूल तुझे,

जबकि कांटे ही चुभाये हों ज़माने ने मुझे।

गुरुवार, 6 अगस्त 2009

जिंदगी के चिराग़



वक्त की बेशुमार रातों में,


जिंदगी के चिराग़ जलते हैं।


दूर तुम हमसे होते जाते हो,


हम तुहारे लिए मचलते हैं।

शनिवार, 27 जून 2009

दोस्त रस्ते में...


दोस्त रस्ते में कहीं छूट गया,

दिल का कच्चा था घड़ा फूट गया।

साथ चलता है कोई साए सा,

आज तो ये भी भरम टूट गया।

शनिवार, 30 मई 2009

मुबारक है मुझे

रौशनी ले लो नाबीनाई मुबारक है मुझे,

हर तरफ़ मेरे तमाशाई मुबारक है मुझे।


है दुआ महफिल में तेरी रौनक़े आबाद हों,


ये अकेलापन ये तनहाई मुबारक है मुझे।

शनिवार, 23 मई 2009

परछाइयों का डर



बेनाम पुकारूँ तो कभी तेरे नाम से,


तुझको पुकारता हूँ मैं हर इक मुक़ाम से।


अशको के साथ साथ मेरे ग़म छलक गए,


रखा था अपने दिल में बड़े एहतराम से,


परछाइयों से भी मुझे लगने लगा है डर,


मैंने बुझा दिया है चिरागों को शाम से।


होठों पे तबस्सुम मगर दिल में मैल था,


करते रहे फरेब बड़े एहतिमाम से।


'अनवार' हमको ऐसी बहारें भी कुछ मिलीं,


घबरा गया हूँ आज बहारों के नाम से।





Related Posts with Thumbnails